जयपुर। पिंकसिटी जयपुर घूमने आ रहे विदेशी पर्यटक यहां की स्थापत्य कला को निहारने के साथ अध्यात्म में भी गोते लगा रहे हैं। मंदिरों में दर्शन कर यज्ञ-हवन में शामिल होना उन्हें पसंद आ रहा है।
गोविंद देवजी मंदिर में श्री मन्माध्व गौड़ेश्वराचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में कार्तिक स्नान पूर्णाहुति महोत्सव एवं पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ में अमरीका से आए विदेशी पर्यटकों के एक समूह ने भावभरी भागीदारी की। आचार्य पीठ से डॉ. अजय भारद्वाज ने यज्ञ की एक पारी अंग्रेजी भाषा में करवाई इससे पर्यटकों को यज्ञ के ज्ञान-विज्ञान के बारे में जानकारी हुई। प्रारंभ में पर्यटकों के तिलक कर कलावा बांधा और दोनों का महत्व बताया। गोविंद देवजी मंदिर और गायत्री परिवार की ओर से पर्यटकों का दुपट्टा पहनाकर और प्रसाद देकर अभिनंदन किया गया।
पर्यटकों के साथ आए गाइड अभिमन्यु ने बताया कि जयपुर आने वाले सभी पर्यटक गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन करना अपनी प्राथमिकता में रखते हैं। यज्ञ के प्रति भी उनका बहुत अच्छा नजरिया है। सुबह नौ बजे इन व्रतियों का ठाकुरजी का चित्र, प्रसाद और दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया जाएगा। इससे पूर्व गोविंद देवजी मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने ठाकुर श्री राधा गोविंद देवजी, गायत्री माता, गुरु सत्ता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर यज्ञ का शुभारंभ किया।
आचार्य पीठ से गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के गायत्री प्रसाद और मुकेश सिंगोदिया ने यज्ञ का संचालन किया। कार्तिक स्नान करने वाले श्रद्धालु व्रतियों के सुखी और समुन्नत जीवन के लिए विशेष आहुतियां प्रदान की गई। इस मौके पर एक पुसंवन संस्कार भी कराया गया। गायत्री चेतना केन्द्र जनता कॉलोनी की ओर से पुस्तक मेला लगााया गया।




















