नकबजनी की वारदात करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

0
44

जयपुर। शहर के मानसरोवर थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चोरी करने वाली गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपए का चोरी किया गया माल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि मानसरोवर थाना क्षेत्र के कावेरी पथ स्थित 1 नवंबर 2025 को एक मकान में देर रात चोरी की घटना सामने आई थी। जिसमें चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया था। मामले में मानसरोवर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की। सबसे पहले आरोपी राजू सैनी को पकड़ा गया, जिसके पास से चोरी किए गए एयरपॉड्स बरामद हुए। इसके बाद उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों—अर्जुन सैनी, जयकुमार उर्फ जोनी और रविंद्र राज चौहान—को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया अन्य माल भी बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत संदिग्धों पर नजर रखकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में मानसरोवर थाना पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here