जयपुर। करधनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात की फिराक में घूम रहे चार बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। बदमाशों से 5 देशी पिस्टल, एक 12 बोर बंदूक और 373 गोलियां (7.65 एमएम) और 2 12 बोर जिंदा कारतूस बरामद की है। पुलिस ने अलग-अलग जगह कार्रवाई कर सभी बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम अमित कुमार ने बताया कि डीएसटी और करधनी थाना पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले संदिग्धों के खिलाफ अभियान चला रखा है। इस दौरान तीन संदिग्धों को डिटेन कर पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने चार एफआईआर दर्ज चार बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। इन बदमाशों के पास से पुलिस टीम को बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस मिले हैं। हथियारों के संबंध में बदमाशों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
पहली कार्रवाई
डीएसटी टीम के कांस्टेबल कोमल सिंह ने टेलीफोन कर करधनी थाने को सूचना दी। थाने को बताया कि मेरे मुखबिर की सूचना है कि बैनाड़ रोड ममता होटल के आगे सड़क पर एक व्यक्ति खड़ा है। उसके हाथ में काले रंग के कपड़े की थैली है। उसमें अवैध हथियार हो सकते हैं। सूचना मिलने पर एसआई चमन लाल तुरन्त मौके पर पहुंचे। आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ा।
युवक ने अपना नाम उत्तम सिंह भदोरिया (22) पुत्र थानेदार सिंह राजपूत बताया। जो मध्यप्रदेश के भिंड जेले के गांव हीरालालपुरा का रहने वाला है। जयपुर के झोटवाड़ा में निवारू पुलिया के साथ प्लाट नंबर 61 शिव नगर में रह रहा है। टीम ने आरोप के थैले से तीन देशी पिस्टल, 50 जिंदा कारतूस, एक 12 बोर बंदूक मय दो जिंदा कारतूस बरामद की। आरोपी ने हथियार मध्य प्रदेश से लेकर आना बताया।
दूसरी कार्रवाई
करधनी थाने के हेड कांस्टेबल शक्ति राज सिंह को सूचना मिली कि एक लड़का डीमार्ट से करधनी सेंट्रल पार्क की तरफ घूम रहा है। इसके पास अवैध हथियार हो सकता है। इस पर शक्ति राज मौके पर पहुंचे। युवक को पकड़ा। युवक ने खुद का नाम उत्सव कुमावत (20) पुत्र तरुण कुमावत बताया। जो जयपुर के चैमूं जिले के गांव रामपुरा डाबरी का रहने वाला है। अभी झोटवाड़ा के प्रेम नगर में प्लॉट नंबर डी 130 में रह रहा है। आरोपी की जेब से 13 जिंदा कारतूस मिले। आरोपी ने बताया कि वह यह कारतूस उत्तम सिंह भदोरिया से लेकर आया। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
तीसरी कार्रवाई
करधनी थाने के एएसआई धर्मेन्द्र सिंह को सूचना मिली की राव इंटरनेशनल स्कूल के आगे आर्मी एरिया में एक व्यक्ति अवैध हथियार और कारतूस के साथ घूम रहा है। इस पर धर्मेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे। युवक ने खुद का नाम धर्म प्रताप सिंह जादौन (38) मोहन सिंह बताया। जो करौली के मदन मोहन मंदिर के पास रहता है। जयपुर में निवारू रोड स्थित अर्जुन पथ पर प्लाट नंबर 145 ए गोविंद नगर 11 में रहता है। युवक के कैरी बैग में एक देशी पिस्टल और 8 सफेद प्लास्टिक में 300 जिंदा कारतूस मिले। आरोपी ने हथियार और जिंदा कारतूस को उत्तम सिंह भदोरिया से लेना बताया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया।
चौथी कार्रवाई
करधनी थाने के हेड कांस्टेबल कैलाश चंद को सूचना मिली की 206 बीघा में पार्क के पास एक लड़का खड़ा है। युवक के पास अवैध हथियार हो सकते हैं। इस पर कैलाश टीम के साथ मौके पर पहुंचा। युवक को पकड़ा। युवक ने खुद का नाम नेत्रपाल सिंह सैन (21) पुत्र खेमसिंह बताया। जो उत्तरप्रदेश के मथुरा स्थित हंसराज कॉलोनी गोर्वधन चौराहा का रहने वाला है। जयपुर में करणी नगर स्थित ज्ञानजी फार्म के पास रह रहा है। आरोपी के पास एक पिस्टल छुपाई मिली। पेंट की पीछे की जेब में एक प्लास्टिक पैकेट में कुल 10 जिंदा कारतूस मिले। अवैध हथियार व जिंदा कारतूस उत्तम सिंह भदोरिया से लेना बताया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया।