15 लाख की ड्रग्स के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

0
28

जयपुर। पुलिस कमिश्नरेट की सीएसटी टीम ने शहर में चार अलग-अलग थानों इलाकों में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 लाख की ड्रग्स जब्त कर चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों से अवैध मादक पदार्थ तस्करी में शामिल अन्य बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहीं है।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि सीएसटी टीम ने मालवीय नगर थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुल 8 लाख रुपए कीमत का 52.08 ग्राम एमडीएमए और 7.50 लाख रुपए कीमत की 144.25 ग्राम स्मैक बरामद की गई। साथ ही मादक पदार्थ बिक्री से संबंधित 16 हजार 440 रुपए भी जब्त किए गए। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी करने वाले बिस्बावती बर्मन को हिरासत में लिया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त बिस्बावती बर्मन (25) पांच माह से अवैध मादक पदार्थो की तस्करी कर रहा था और किसी अन्य तस्कर से स्मैक खरीदकर 400 रुपए प्रति पैकिट के हिसाब से बेचता था। आरोपी से आगे की पूछताछ पुलिस थाना खोह-नागोरियान में जारी है।

वहीं सीएसटी टीम ने मुखबिर की सूचना पर मानसरोवर बालाजी विहार से एक मकान पर दबिश देकर अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले मनोज विश्नोई (27) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से 52.08 ग्राम एमडीएमए और 10 हजार 270 रुपए नकद बरामद किए गए।

नारायण विहार थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उससे पूछताछ शुरु कर दी है। इसके साथ ही सीएसटी टीम ने सिंधी कैम्प बस स्टैंड के प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पास कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति कमलेश कुमार बराला उर्फ लाखन (41) को गिरफ्तार किया।

आरोपी के पास से 124.05 ग्राम स्मैक बरामद की है। मामले में सिंधी कैम्प थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया और सीएसटी टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रियंका सांसी (25) को गिरफ्तार किया है । टीम ने आरोपी के कब्जे से 4 ग्राम 13 मिलीग्राम स्मैक बरामद की है।

इसी के साथ 6 हजार 170 रुपए (बिक्री राशि) जब्त की है । पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस में मामला दर्ज किया है। आदर्श नगर थाना पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ करने में जुटी है। बताया जा रहा है की यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर जयपुर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन और विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश के निर्देशन में की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में सक्रिय ड्रग माफियाओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here