जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके में एक रिश्तेदार ने नाबालिग को झांसा देकर घर से बाहर बुलाया और सुनसान जगह ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी के चुगंल से मुक्त होने के बाद पीड़िता जैसे-तैसे अपने घर पहुंची और परिचित की करतूत के बारे में परिजनों को बताया। जानकारी मिलने के बाद गुस्साए पिता ने नाबालिग बेटी को थाने ले जाकर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी जांच एसीपी आमेर सुरेंद्र सिंह राणावत के सुपुर्द कर दी।
एसीपी आमेर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रामगढ़ रोड निवासी पीड़ित पिता ने मामला दर्ज कराया है कि पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार से उसकी बेटी की बातचीत होती रहती थी। आरोपी रिश्तेदार ने 5 नवंबर की रात को झूठ बोलकर उसकी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी को घर से बाहर बुलाया और उसका अपहरण कर सुनसान जगह पर ले गया। जहां पर आरोपी ने उसके अकेलेपन का फायदा उठाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को भी ये बात बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी के चुगंल से मुक्त होने के बाद पीड़िता घर पहुंची और घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। जिसके बाद पीड़ित पिता ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी रिश्तेदार की तलाश शुरु कर दी है।



















