एस्कॉर्ट सर्विस और बॉडी मसाज के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

0
43
Gang defrauding people in the name of escort services and body massages busted.
Gang defrauding people in the name of escort services and body massages busted.

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले की रेनवाल थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘एस्कॉर्ट सर्विस’ और ‘बॉडी मसाज’ के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और साइबर सेल की सूचना पर रेनवाल थाना पुलिस ने कस्बे की एक कॉलोनी में दबिश देकर आठ शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि नवाल थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘एस्कॉर्ट सर्विस’ और ‘बॉडी मसाज’ के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के आरोपित अभिषेक यादव (23), राधेश्याम (26), दीपक कुमार (21), उपेन्द्र राठी (20), राकेश वर्मा (28), विकास यादव (19), राहुल यादव पुत्र चौथूराम (25) और राहुल यादव पुत्र लालाराम (24) को गिरफ्तार किया है। ये सभी जयपुर के रेनवाल और जोबनेर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

गिरफ्तार ठगों ने रेनवाल कस्बे की गणेश कॉलोनी स्थित लक्की टेलर के मकान में अपना ठिकाना बना रखा था। जो मोबाइल फोन के जरिए फेसबुक और व्हाट्सएप पर लोगों को झांसा दे रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि ये आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर खुद को स्पा मालिक बताते थे। वे लड़कियों की फोटो दिखाकर लोगों को एस्कॉर्ट सर्विस और बॉडी मसाज के लिए लुभाते थे। जैसे ही कोई ग्राहक इनके झांसे में आता, ये क्यूआर कोड भेजकर एडवांस राशि वसूल लेते थे और पैसा मिलते ही संपर्क बंद कर देते थे। आरोपियों के पास से लाखों रुपए की ठगी का हिसाब-किताब भी बरामद हुआ है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में साइबर ठगी के उपकरण 21 मोबाइल फोन और 75 सिम कार्ड, 23 एटीएम/डेबिट कार्ड, 2 चेक ,आधार कार्ड, पैन कार्ड, डीएल, आरसी और तीन नोटबुक ,दो कारें, एक मोटरसाइकिल और नकद राशि बरामद की है। पुलिस अब ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने में एएसपी रजनीश पूनिया व वृत्ताधिकारी शिवरतन गोदारा के निर्देशन में थानाधिकारी नरेश कंवर, डीएसटी प्रभारी सुहेल खान और साइबर सेल के कमलेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here