मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

0
32

जयपुर। खोराबीसल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह पर्दाफाश किया है और साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब आधा किलो चांदी के आभूषण, नकदी व अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है। आरोपी दिन में रेकी कर रात में वारदात को अंजाम देते थे और परिचित से उधार ली गई बोलेरो गाड़ी का इस्तेमाल करते थे। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) हनुमान प्रसाद ने बताया कि खोराबीसल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह के शातिर बदमाश मोहनलाल सैनी (32)निवासी समोदा जिला ग्रामीण, मंगल चंद सैनी उर्फ बलदेव (26) निवासी कालाडेरा जयपुर ग्रामीण और सुवालाल चौधरी उर्फ सुनील मारवाड़ी (43) निवासी सीकर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया माल, सोने-चांदी के छत्र, नकदी व ताले तोड़ने के औजार (रॉड आदि) बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी पवन मीणा ने अपने रिश्तेदार से बोलेरो उधार लेकर वारदात को अंजाम दिया। एक नाबालिग आरोपी को गोविंदगढ़ थाना पुलिस ने निरुद्ध किया है, जबकि पवन मीणा की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नकबजनी और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आधा दर्जन से अधिक मंदिरों में चोरी की वारदात कबूल की है। मामले में अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है। कार्रवाई में खोराबीसल थाना पुलिस, जिला विशेष टीम व साइबर शाखा की विशेष भूमिका रही।

थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि 8 फरवरी 2026 को मंशारामपुरा निवासी रामलाल शर्मा अध्यक्ष ग्वाला बाबा सेवा समिति ने थाना में मामला दर्ज करवाया था कि चार चोरों ने मंदिरों के ताले तोड़कर छत्र, मुकुट, सिंहासन, कटोरी, सीतामाता की नथ, एक छत पंखा तथा शिव मंदिर का दानपात्र चोरी कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल में जुटी है।

वहीं पुलिस को जांच के दौरान सामने आया कि खोराबीसल, बिंदायका और हरमाड़ा क्षेत्र के अन्य मंदिरों में भी उसी रात चोरी की वारदात हुई है। साथ ही कालाडेरा व गोविंदगढ़ थाना क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की घटनाएं दर्ज हुईं।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर वारदात के समय एक संदिग्ध बोलेरो गाड़ी घूमती नजर आई। जिस पर पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर गांव बरना (कालाडेरा) में दबिश देकर बदमाशों को धर—दबोचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here