फर्जी दुल्हन बन ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार

0
42

जयपुर। चौमूं थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के मथुरा से पकड़े गए हैं और पिछले चार माह से फरार चल रहे थे। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के निर्देश पर सहायक पुलिस आयुक्त उषा यादव और थानाधिकारी हरबेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

थानाधिकारी हरबेंद्र सिंह ने बताया कि परिवादी सुरेश जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने परिचितों के माध्यम से शादी का प्रस्ताव देकर विश्वास जीता। भरतपुर और मथुरा में लड़की दिखाकर जल्दबाजी में शादी तय की गई और अलग-अलग बहानों से करीब 5 लाख रुपए ठग लिए गए।

आरोपियों ने पीड़ित से दुल्हन के कपड़े, जेवर और अन्य सामान भी दिलवाया। होटल में शादी की रस्म पूरी करने के बाद सामाजिक दबाव बनाकर अतिरिक्त रकम भी वसूली गई। बाद में महिला दुल्हन गहने पहनकर वॉशरूम जाने का बहाना बनाकर फरार हो गई।जांच में सामने आया कि दुल्हन और उसका साथी पहले से ही पति-पत्नी हैं और यह गिरोह पूर्व में भी इसी तरह की वारदातें कर चुका है।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मथुरा में दबिश देकर आरोपी टीटू सिंह (28) निवासी पचावर महावन, राधा (35) पत्नी टीटू सिंह और देवेन्द्र सिंह (52) निवासी डीग, भरतपुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल जितेंद्र, कांस्टेबल मूलचंद, राकेश और महिला कांस्टेबल सुमन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here