चाय की थड़ी में आग के बाद गैस सिलेंडर ब्लास्ट

0
36

जयपुर। करणी विहार थाना क्षेत्र में रविवार—सोमवार की मध्यरात्रि एक चाय की थड़ी में आग लगने के बाद गैस सिलेंडर में हुए विस्फोट से इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस के अनुसार घटना धावास क्षेत्र की है, जहां खाली जगह पर संचालित एक चाय की थड़ी सोमवार रात बंद कर दी गई थी।

थड़ी मालिक रोज की तरह दुकान लॉक कर घर चला गया। देर रात करीब 2 बजे बंद थड़ी में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही करणी विहार थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा था कि इसी दौरान थड़ी में रखा गैस सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि सिलेंडर के टुकड़े दूर-दूर जा गिरे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी, फायरकर्मी और स्थानीय लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे।

थानाधिकारी हवा सिंह ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, वहीं पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने और गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here