जयपुर। ठाकुर श्री राधा गोविंद देव जी मंदिर में महंत अंजन कुमार गोस्वामी महाराज के सान्निध्य में रविवार को गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव संपन्न हुआ। आयोजन अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में हुआ।
कार्यक्रम में जन्मदिन व विवाह दिवस को यज्ञ के साथ संस्कार रूप में मनाने की प्रेरणा दी गई। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के व्यवस्थापक सोहन लाल शर्मा ने कहा कि जीवन के महत्वपूर्ण दिवसों को यज्ञ व संकल्प से जोड़ने पर वे आत्मविकास का माध्यम बनते हैं।
सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी ने दीप प्रज्वलन कर यज्ञ का शुभारंभ किया। महायज्ञ में कई परिवारों ने जन्मदिवस व विवाहदिवस यज्ञ के साथ मनाए। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद दिया।
यज्ञ का संचालन गायत्री कचोलिया, दिनेश आचार्य, कामिनी शर्मा व सुशीला खंडेलवाल ने किया। चार पारियों में श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं। संकष्ट चतुर्थी पर महिलाओं ने मां गौरी पूजन कर सुख-सौभाग्य की कामना की। अंत में “एक बुराई छोड़ने, एक अच्छाई अपनाने” का संकल्प लेकर यज्ञ की पूर्णाहुति हुई।




















