गायत्री परिवार चलाएगा नव युग सृजन साधना अभियान

0
169
Gayatri Parivar will run a campaign for creation of a new era
Gayatri Parivar will run a campaign for creation of a new era

जयपुर। गायत्री परिवार की ओर से प्रदेश भर में गायत्री महामंत्र की साधना का अभियान तेज किया जाएगा। सबकी सद्बुद्धि और सबके उज्जवल भविष्य की कामना के साथ जन-जन को नव युग सृजन साधना अभियान से जोड़ा जाएगा। बुधवार को गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में जयपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की संगोष्ठी आयोजित कर अभियान की विस्तार जानकारी दी गई।

गायत्री परिवार राजस्थान के समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल, जयपुर उप जोन समन्वयक सुशील कुमार शर्मा, गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी के व्यवस्थापक सोहन लाल शर्मा, गायत्री शक्तिपीठ कालवाड़ के मुख्य ट्रस्टी धर्मसिंह राजावत, गायत्री शक्तिपीठ वाटिका के व्यवस्थापक रणवीर सिंह चौधरी, गायत्री परिवार राजस्थान के ट्रस्टी डॉ. प्रशांत भारद्वाज, जयपुर ग्रामीण समन्वयक संतोष गुप्ता ने वेदमाता गायत्री और गुरुसत्ता के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर संगोष्ठी का उद्घाटन किया।

साधना आंदोलन के प्रभारी मणिंशकर पाटीदार ने बताया कि संगोष्ठी से निर्णय लिया गया कि मातृ शक्ति को साधना आंदोलन से विशेष रूप से जोड़ा जाएगा। महिलाओं से प्रतिदिन गायत्री महामंत्र की तीन माला का जाप करवाया जाएगा। वहीं पुरुषों से प्रतिदिन 11 से 15 माला की अपेक्षा की गई है। साधना अभियान 2026 तक चलेगा।

साधना की नींव पर टिका है गायत्री परिवार:

गायत्री परिवार राजस्थान के समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि गायत्री परिवार के सात आंदोलनों में साधना पहले स्थान पर है। साधना की नींव पर ही गायत्री परिवार टिका हुआ है। आने वाला समय साधना आंदोलन को प्रखर बनाने का है। गायत्री परिवार की संस्थापिका भगवती देवी शर्मा और शांतिकुंज में प्रज्जवलित अखंड दीपक को अगले साल सौ वर्ष पूरे हो जाएंगे। दोनों के शताब्दी वर्ष में जन जन को गायत्री साधना से जोडक़र नए युग के निर्माण की राह आसान करनी है।

134 स्थानों पर एक हजार परिजनों ने अर्पित की 15 हजार आहुतियां:

अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से ज्येष्ठ पूर्णिमा पर बुधवार को 134 स्थानों ऑनलाइन यज्ञ किया गया। इसमें करीब 1 हजार परिजनों ने पूजा-अर्चना के बाद यज्ञ भगवान को आहुतियां प्रदान की। गायत्री परिवार जयपुर उप जोन समन्वयक सुशील कुमार शर्मा ने यज्ञ का संचालन किया।

ऑनलाइन यज्ञ में राजस्थान से बाहर के परिजनों ने भी भाग लिया। इस दौरान 15 हजार आहुतियां प्रदान की गई। शान्तिकुंज हरिद्वार से राजस्थान नारी जागरण समन्वयक शालिनी वैष्णव, राजस्थान जोन समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल, प्रांतीय ट्रस्टी डॉ प्रशांत भारद्वाज सहित अन्य ने संबोधित किया।

गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में व्यवस्थापक सोहन लाल शर्मा के निर्देशन में यज्ञ हुआ। किरण पथ मानसरोवर स्थित वेदना निवारण केन्द्र में व्यवस्थापक आर डी गुप्ता के मार्ग दर्शन में हुए यज्ञ में अनेक लोगों ने विश्व कल्याण की कामना के साथ यश्र भगवान को आहुतियां प्रदान की।

गायत्री चेतना केन्द्र मुरलीपुरा की ओर से ज्येष्ठ पूर्णिमा बुधवार को मुरलीपुरा की शंकर विहार कॉलोनी की आवासीय बहुमंजिला सोसायटी में गायत्री यज्ञ के साथ दो बालकों का जन्म दिन संस्कार कराया गया। पंच तत्वों का पूजन कर बालकों के उज्ज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ महामृत्युंजय महामंत्र से आहुतियां प्रदान की गई। बच्चों को का साहित्य और धर्म घट भेंट किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here