खोले के हनुमानजी मंदिर में 108 द्रव्यों से महाभिषेक

0
36

जयपुर। दिल्ली रोड स्थित प्रसिद्ध खोले के हनुमानजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन हुए। गुरुवार को पांच दिवसीय उत्सव के अंतिम दिन 108 द्रव्य औषधियों और विभिन्न तीर्थों के जल से मंत्रोच्चारण के साथ भगवान हनुमान का महाभिषेक किया गया।

षोडशोपचार पूजन के बाद भगवान को नवीन चोला धारण कराकर 61 किलो चांदी की पोशाक पहनाई गई। विशेष श्रृंगार के साथ हनुमानजी के दर्शन के लिए मंदिर में सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर में संत-महंतों के सानिध्य में उत्सव आरती का आयोजन हुआ।

श्री नरवर आश्रम सेवा समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि मंदिर में पांच दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। इसके तहत राम यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें सवा लाख आहुतियां अर्पित की गईं। भगवान का 108 प्रकार की औषधियों से अभिषेक कर 150 किलो पंचामृत अर्पित किया गया तथा आकर्षक झांकियां सजाई गईं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत पद्मश्री गुलाबो सपेरा ने नृत्य प्रस्तुति दी, वहीं सुपर स्टार सिंगर फेम आकांक्षा राव ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। उत्सव के अंतिम दिन गुरुवार शाम को श्री श्याम ज्योति भजन संध्या परिवार द्वारा मनोहारी भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजन के चलते पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here