हनुमान जन्मोत्सव: जयपुर में विभिन्न हनुमान मंदिरों में हुआ सुंदरकांड व भजन संध्या के विशेष आयोजन

0
46
Hanuman Janmotsav
Hanuman Janmotsav

जयपुर। पवन पुत्र हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव चैत्र पूर्णिमा गुरुवार को भक्तिभाव से मनाया गया। छोटीकाशी के मंदिर गुरुवार को हनुमानमय हो गए। सुबह से देर रात तक अभिषेक, श्रृंगार, महाआरती, सुंदरकांड-हनुमान चालीसा और भजन संध्या सहित अनेक आयोजन हुए। श्रद्धालुओं ने परिवार सहित कई मंदिरों में दर्शन किए। मुख्य रूप से घाट के बालाजी, चांदपोल हनुमान जी, सांगानेरी गेट हनुमान जी, खोले के हनुमान जी, काले हनुमान जी, बंधे के बालाजी, पापड़ के हनुमान जी, ढेहर के बालाजी, मंशापूर्ण हनुमान जी, पेट्रोल पंप वाले हनुमान में हनुमान जन्मोत्सव पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

घरों में भी राम दूत महावीर की विशेष पूजन कर दाल-बाटी, खीर-चूरमे का भोग लगाया गया। हनुमान मंदिरों में जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंजनी सुत का जन्माभिषेक कर सिंदूरी चोला चढ़ाया गया।। नवीन पोशाक धारण कराकर ऋतु पुष्पों से आकर्षक श्रृंगार किया गया।

पुराना घाट स्थित जयपुर के कुल देवता के रूप में प्रसिद्ध घाट के बालाजी मंदिर में स्वामी सुदशर्नाचार्य महाराज के सान्निध्य में हनुमान जी महाराज का पंचामृत अभिषेक कर सिंदूरी चोला धारण कराया गया। नवीन पोशाक धारण कराने के बाद चूरमे का भोग लगाया गया। देवस्थान विभाग की ओर से मंदिर में सजावट की गई। हनुमान जन्मोत्सव पर कई समाजों के लोगों ने मंदिर में जात-जडूले उतारे।

काले हनुमान मंदिर

चांदी की टकसाल स्थित ठिकाना मंदिर श्री काले हनुमानजी में केसरी के नंदन का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर महंत गोपालदास महाराज के सान्निध्य में हनुमानजी का सहस्त्रधाराभिषेक के साथ जन्माभिषेक किया गया। मंदिर के युवाचार्य पं. योगेश शर्मा ने बताया कि सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड के पाठ हुए। पूरे मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया। अनेक गणमान्य लोग, जन प्रतिनिधि भी यहां सजी विशेष झांकी के दर्शन करने पहुंचे।

खोले के हनुमान जी मंदिर

खोले के हनुमानजी मंदिर में सुबह हनुमानजी महाराज का 108 औषधि द्रव्यों और विभिन्न तीर्थों के जल से मंत्रोच्चारण के साथ महाअभिषेक कर षोडशोपचार पूजन किया गया। हनुमानजी महाराज को चांदी की भारी भरकम पोशाक धारण करवा कर विशेष श्रृंगार किया गया। दोपहर में विशेष उत्सव आरती हुई। पूरे मंदिर परिसर को गुब्बारों और फूलों से सजाया गया। दिनभर मंदिर श्रद्धालुओं से अटा रहा। श्रद्धालु नारियल और प्रसाद लेकर दर्शन करने पहुंचे।

चांदपोल हनुमान मंदिर

चांदपोल हनुमान मंदिर में पंचामृत अभिषेक कर विशेष शृंगार किया गया। सांगानेरी गेट स्थित पश्चिम मुुखी हनुमान मंदिर में अभिषेक, श्रृंगार, पूजन और महाआरती हुई। यहां उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने पूजा-अर्चना की। चांदपोल बाजार स्थित ठिकाना मंदिर श्री रामचंद्र जी में हनुमत जन्मोत्सव मनाया गया। हनुमानजी का पंचामृत अभिषेक कर केवड़ा , गुलाब जल, सुगंधित इत्र, गंगाजल आदि को मिश्रित कर स्नान कराया गया।

संकटमोचन हनुमान मंदिर

अंबाबाड़ी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सुबह वेद मंत्रोच्चार के साथ मंदिर के पुजारी ने हनुमान जी महाराज का अभिषेक किया। नवीन पोशाक धारण कराकर 56 भोग अर्पित किए गए। महोत्सव में बालाजी हवा में उड़ते हुए नजर आए। साथ ही विभिन्न आकर्षक झांकियों का सजीव प्रदर्शन किया गया। मंदिर द्वार को उज्जैन महल की थीम पर सजाया गया।

जहां से भक्तों ने मंदिर में प्रवेश किया। हनुमान पार्क के प्रवेश द्वार पर वैष्णो देवी, महालक्ष्मी एवं दुर्गा स्वरूप की जंगल थीम सजाई गई आकर्षण का केन्द्र रही। शाम को हनुमान पार्क में संगीतमय सुंदरकांड पाठ हुए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान 20 बच्चे वानर सेना के रूप में उछल कूद करते रहे। देर रात रंगीन आतिशबाजी की गई।

हनुमान मंदिर में सजी छप्पन भोग झांकी

गायत्री चेतना केन्द्र,मुरलीपुरा की ओर से मुरलीपुरा के विकासनगर बी स्थित श्री राम दूत हनुमान मंदिर में राम जन्मोत्सव भक्तिभाव से मनाया गया। मंदिर के पुजारी पं. महावीर उपाध्याय ने हनुमान जी महाराज को सिंदूरी चोला धारण कराया। नवीन पोशाक धारण कराकर ऋतु पुष्पों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। ज्योति शर्मा, नंदन शर्मा एवं अन्य श्रद्धालुओं ने आरती उतारी। बाबूलाल अग्रवाल ने छप्पन भोग अर्पित किए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हनुमान जी महाराज की झांकी के दर्शन किए।

शिव शक्ति हनुमान मंदिर में किया सुंदरकांड पाठ

श्री मन्न नारायण प्रन्यास मंडल की ओर से त्रिपोलिया बाजार में तंवर जी को नोहरा स्थित श्री शिव शक्ति हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव मनाया गया। पं. दिनेश शर्मा के सान्निध्य में प्रन्यास के अध्यक्ष तरुण भारती ने हनुमान जी महाराज का पंचामृत से अभिषेक कर सिंदूरी चोला धारण कराया। नवीन पोशाक धारण कराकर सुंदरकांड के पाठ किए। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया।

पेट्रोल पंप वाले बालाजी मंदिर में हर्षोल्लास से मनाया जन्मोत्सव

राजधानी के के प्रसिद्ध पेट्रोल पंप वाले बालाजी मंदिर पर हनुमान जन्मोत्सव गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने यहां पूजा-अर्चना कर प्रदेश में सुख-शांति की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया।

यहां सोहनलाल सरावगी चैरिटेबल ट्रस्ट और पेट्रोल पंप वाले बालाजी सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह नीलकंठ महादेव मंदिर से गाजेबाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर चल रही थी। कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए बालाजी मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ स्वागत किया।

इसके साथ ही भांकरोटा बालाजी मंदिर से पदयात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति भाव से शामिल हुए। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

शाम को संगीतमय सुंदरकांड पाठ में भक्त भक्ति रस में सराबोर हो गए। सुंदरकांड के मधुर पाठ एवं भजनों ने पूरे मंदिर परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। हनुमान जन्मोत्सव पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह -शाम तो लंबी कतार लग गई। श्रद्धालु प्रसाद-नारियल लेकर मंदिर पहुंचे।

भौमियांजी मंदि से बड़पीपली बालाजी धाम तक निकाली धर्म ध्वज यात्रा

झोटवाड़ा रीको क्षेत्र स्थित बड़पीपली बालाजी धाम में हनुमान जन्मोत्सव पर्व पर भक्ति और शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। महंत प्रमेन्द्र नाथ महाराज के सान्निध्य में पवनपुत्र हनुमान जी का 108 किलो दूध से अभिषेक कर आकर्षक एवं नयनाभिराम श्रृंगार किया गया। जन्मोत्सव पर धाम में जन कल्याण की भावना से विशेष ‘महागद्दी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

हजारों भक्तों ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए श्रीफल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। धाम परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर महंत प्रमेन्द्र नाथ महाराज के शिष्य विक्रम सिंह रुंडल के नेतृत्व में मुरलीपुरा के भौमिया जी मंदिर से बड़पीपली बालाजी धाम तक विशाल धर्म ध्वज यात्रा निकाली गई। हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

धर्म ध्वज यात्रा के धाम पहुंचने पर महंत महाराज ने हनुमान जी की विधिवत आरती कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इसके बाद आयोजित महागद्दी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रीफल अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कीं। महंत महाराज ने श्रद्धालुओं का झाड़ा लगाकर उनके जीवन में सुख, शांति और आनंद की कामना की तथा सभी को रक्षा सूत्र प्रदान किए। राकेश कुमार शर्मा, प्रताप भानु सिंह, राम सिंह शेखावत, राधेश्याम शर्मा, नरेंद्र सिंह, विष्णु शर्मा, अनिरुद्ध सिंह एव अन्य ने व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here