ईडी में राहत दिलाने के नाम पर 13 लाख की रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल गिरफ्तार

0
56
Head constable arrested for accepting bribe of Rs 13 lakh in the name of getting relief in ED case
Head constable arrested for accepting bribe of Rs 13 lakh in the name of getting relief in ED case

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट-द्वितीय जयपुर टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में राहत दिलाने के नाम पर 13 लाख रुपए की रिश्वत लेते ईडी के हेड कांस्टेबल उत्तम पांडेय को गिरफ्तार किया है।

एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने 30 दिसंबर 2025 को एसीबी जयपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2022 में क्यूएफएक्स प्राइवेट लिमिटेड नामक निजी कंपनी में निवेश के संबंध में उसके साथ धोखाधड़ी हुई थी।

इसी प्रकरण में ईडी के हेड कांस्टेबल उत्तम पांडेय ने परिवादी से संपर्क कर स्वयं को ईडी चंडीगढ़ के सहायक निदेशक कार्यालय से संबद्ध बताते हुए मामले में नाम हटाने और राहत दिलाने के बदले रिश्वत की मांग की। प्रारंभ में आरोपी ने 20 लाख रुपए की मांग की, जिसे बाद में घटा कर 15 लाख और अंततः 13 लाख रुपए पर सहमति बनी। शिकायत के सत्यापन के बाद उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरविजन में उप अधीक्षक विजय सिंह ने ट्रैप कार्रवाई की।

ट्रैप के दौरान आरोपी ईडी के हेड कांस्टेबल उत्तम पाण्डेय को कल्याण सर्किल स्थित होटल अशोका के पास 13 लाख रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 2 लाख रुपए नकद और 11 लाख रुपए अन्य माध्यम से प्राप्त राशि बरामद की गई।

एसीबी की एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं एसीबी की टीम आरोपी के आवास और अन्य ठिकानों पर तलाशी ली जाएगी। इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपी के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है कि वह आरोपी वास्तव में ईडी का कर्मचारी है या केवल विभाग के नाम से खौफ दिखा रहा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here