जयपुर। नगर निगम हेरिटेज जयपुर आयुक्त डॉ निधि पटेल ने मंगलवार को निगम क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान निगम आयुक्त निधि पटेल शहर में हो रही लगातार बारिश के बीच निगम अधिकारियों के साथ जलभराव वाली जगहों पर पहुंची और आमजन को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। इससे पहले निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने हेरिटेज निगम मुख्यालय में निगम के विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। जिसमें हेरिटेज निगम अधिकारियों के साथ वन टू वन बात की और चल रहे विकास कार्यों की प्रगति के बारे जाना।
इस दौरान आयुक्त ने कहा कि वे लगातार फील्ड में निरीक्षण करेंगी। ऐसे में सभी अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में निरीक्षण करें। साथ ही बारिश के सीजन को देखते हुए जर्जर इमारत को चिह्नित कर जांच करें। बारिश में जलभराव की समस्या और सीवर ओवर फ्लो की शिकायत नहीं हों, इससे पहले ही ठोस प्लानिंग के साथ निस्तारण किया जाएं। निरीक्षण के दौरान हेरिटेज निगम अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रवण कुमार वर्मा, उपायुक्त सतर्कता पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, उपायुक्त युगांतर शर्मा और इंजीनियरिंग विंग के अधिकारी मौजूद रहे।
सुबह छह बजे किया सफाई व्यवस्था का निरीक्षण
इससे पहले निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने शहर की सफाई व्यवस्था को जानने के लिए औचक निरीक्षण किया। जिसमें आयुक्त निधि पटेल ने कलेक्ट्री सर्कल, बनीपार्क, सुभाष नगर, खासा कोठी, जय सिंह हाईवे आदि इलाकों में सफाई व्यवस्था देखी। इस दौरान निगम आयुक्त ने सड़क पर कचरा देख मौके पर ही स्वास्थ्य निरीक्षक को बुला सफाई कराई। वहीं आयुक्त निधि पटेल ने वार्डो में भी डोर टू डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था देखी और अधिकारियों को मौके पर ही दिशा निर्देश दिए।
निगम आयुक्त ने यहां यहां किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने जवाहर नगर कच्ची बस्ती, जामडोली, भरत विहार, ट्रांसपोर्ट नगर, दिल्ली रोड, रामगढ़ मोड़ रेनबो रेस्टोरेंट, जल महल, ताल कटोरा और पौंड्रिक पार्क में निरीक्षण किया। इस दौरान जवाहर नगर कच्ची बस्ती में जलभराव होने पर अतिरिक्त मैडपंप लगाने के निर्देश दिए। वहीं जामडोली में सड़क पर पानी भरने की समस्या के निस्तारण के लिए भी निर्देश दिए।