हेरिटेज निगम आयुक्त ने किया बाढ़ नियंत्रण केन्द्र का निरीक्षण, नालों की सफाई को लेकर दिए निर्देश

0
204

जयपुर। नगर निगम हेरिटेज जयपुर आयुक्त डॉ निधि पटेल ने गुरुवार को बाढ़ नियंत्रण केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान निगम आयुक्त ने केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों से कार्य प्रणाली को जाना और जल भराव या अन्य वर्षा जनित समस्या के रिस्पॉन्स टाइम को कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हेरिटेज निगम के तीनों बाढ़ नियंत्रण केन्द्र पर वायरलैस भी दिए गए है। ऐसे में निगम अधिकारी ये सुनिश्चित करें कि केंद्र पर आ रही शिकायत का निवारण कम से कम समय में हों।

इस दौरान निगम आयुक्त निधि पटेल ने बाढ़ केंद्र पर तैनात कर्मचारियों को 24 अलर्ट रहने के निर्देश भी दिए। इस दौरान निगम आयुक्त ने शास्त्री नगर स्थित व्यास कालोनी नाला, सिविल लाइन, जयपुर जंक्शन के पास मेट्रो स्टेशन, हसनपुरा, आमेर रोड, सुभाष चौक इलाके में भी सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान निगम के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रवण कुमार वर्मा और अन्य निगम अधिकारी मौजूद रहे।

हेरिटेज निगम आयुक्त ने की आमजन से अपील

वहीं हेरिटेज निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने आमजन से भी अपील की है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक बारिश होने पर लोग अपने स्तर पर ही पानी निकालने की जल्दबाजी में सीवर लाइन के चैम्बर को हटा देते है। सीवर हॉल के मेन चैंबर को खोलना खतरनाक हो सकता है। शहरवासी बारिश के दौरान जलभराव या अन्य समस्या पर निगम के बाढ़ नियंत्रण केंद्र से संपर्क करें। हेरिटेज निगम के तीनों बाढ़ नियंत्रण केन्द्र आमजन को राहत देने के लिए 24 घंटे चालू है।

शास्त्री नगर स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 0141 2203518, 9057142203,घाटगेट नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 0141 2615550, 9057142202 और आमेर स्थित नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 0141 2531282, 9057142201 संचालित, इनके अलावा नगर निगम हेरिटेज मुख्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 01412602666 और 9057142204 पर भी सहायता के लिए संपर्क किया जा सकता है । तीनों बाढ़ नियंत्रण कक्ष में 24 घंटे निगम अधिकारी, फायरमैन और कार्मिक तीन तीन पारी में तैनात है। साथ ही तीनों बाढ़ नियंत्रण कक्षों पर मिट्टी के कट्टे, मड पंप, ट्रैक्टर और अन्य संसाधन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है।

सफाई व्यवस्था सुदृढ़ बनाने को लेकर निगम अधिकारियों ने किया फील्ड निरीक्षण

वहीं हेरिटेज निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल के निर्देश के बाद गुरुवार सुबह से ही निगम अधिकारी फील्ड में निरीक्षण करते रहे। उपायुक्त स्वास्थ्य देवानंद शर्मा ने जलमहल के आस पास सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने निगम टीम को पाल पर कचरा फैलाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सिविल लाइन जोन उपायुक्त सुनील कुमार बैरवा ने सिंधी कैंप, रेलवे स्टेशन, हसनपुरा के आस पास सफाई व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने सड़क के बाहर कचरा होने पर स्वास्थ्य निरीक्षक को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

हवामहल जोन के अधीक्षण अभियंता लक्ष्मी नारायण मीणा ने भी छोटी चौपड़, चांदपोल, रामगंज, त्रिपोलिया बाजार में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही अन्नपूर्णा रसोई में भी सफाई व्यवस्था देखी और खाने की गुणवत्ता को चेक किया। वहीं आदर्श नगर जोन में जोन उपायुक्त युगांतर शर्मा और अधीक्षण अभियंता सुबोध कुमार ने नालों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त युगांतर शर्मा ने निगम कर्मियों से बारिश में सड़क पर बहकर आ रहे कचरे को हटाने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here