जयपुर। भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर,रोश इंडिया हेल्थ केयर इंस्टीट्यूट और और एप्को के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर में “प्रभाव के लिए तालमेल: राजस्थान में व्यापक कैंसर देखभाल को मजबूत करना” विषय पर उच्च-स्तरीय वर्कशॉप आयोजित हुई।
वर्कशॉप में वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, चिकित्सक, जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ और विकास भागीदार शामिल हुए। मुख्य अतिथि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और कैंसर के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राजस्थान में बढ़ते कैंसर मामलों के बीच उपचार व्यवस्था की कमियों को दूर करना और राज्य-विशेष ‘मानक उपचार दिशानिर्देश’ तैयार करना रहा। इसमें शीघ्र जांच (स्क्रीनिंग), इम्यूनो-ऑन्कोलॉजी व प्रिसिजन मेडिसिन तक पहुंच, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के जरिए वित्तपोषण और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
विशेषज्ञों ने मजबूत रेफरल सिस्टम और एकरूप उपचार प्रोटोकॉल की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में समान और गुणवत्तापूर्ण कैंसर उपचार उपलब्ध हो सके। कार्यशाला का समापन राज्य में समन्वित व प्रभावी कैंसर देखभाल प्रणाली विकसित करने की सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ हुआ।




















