जयपुर। जयपुर के बस्सी थाना इलाके में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मध्यप्रदेश नंबर की तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल के मुर्दाघर में भिजवाया। बाद में पुलिस ने मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजे थे और बाइक से किसी पारिवारिक कार्यक्रम में फेरे करवाने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक के पुत्र कृष्ण कुमार की शिकायत पर पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए बस और उसके चालक की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की जांच जारी है।




















