बड़ी चौपड़ पर हाई वोल्टेज ड्रामा: गाड़ी की छत पर चढ़कर युवक ने किया हंगामा

0
40
High-Voltage Drama at Badi Chaupar
High-Voltage Drama at Badi Chaupar

जयपुर। माणक चौक थाना इलाके के बड़ी चौपड़ क्षेत्र में सोमवार को एक युवक ने गाड़ी की छत पर चढ़कर हंगामा कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार युवक बीच सड़क पर अपनी कार रोककर उसकी छत पर चढ़ गया और सिगरेट पीते हुए बीड़ी-सिगरेट पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए जोर-जोर से चिल्लाने लगा। युवक अपने साथ दो बड़े डिब्बों में बीड़ी और सिगरेट भी लेकर आया था। घटना के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर माणक चौक पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी देर तक गाड़ी की छत पर खड़ा होकर हंगामा करता रहा। बाद में पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर नीचे उतारा और हिरासत में ले लिया।

थानाधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि युवक की पहचान वरुण जौहरी के रूप में हुई है। उसे सड़क पर गाड़ी रोककर हंगामा करने और यातायात बाधित करने के मामले में हिरासत में लेकर थाने लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा है कि जिस बीड़ी और सिगरेट के दुष्प्रभावों को रोकने की मांग वह कर रहा था, इसी दौरान वह गाड़ी की छत पर खड़ा होकर सिगरेट पीता भी नजर आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here