जयपुर। श्याम नगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को स्मैक बेचते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.12 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 40 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश पासवान के निर्देशानुसार शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त सुनील प्रसाद शर्मा के सुपरविजन में श्याम नगर थाना अधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली। जिस पर कार्रवाई करते हुए गंगाविहार कॉलोनी, सुशीलपुरा क्षेत्र में रहने वाले मोहम्मद अली उर्फ बबलू (45) को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 2.12 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद अली उर्फ बबलू श्याम नगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।
दोपहिया वाहन चोर गिरफ्तार :चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
श्याम नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी कर उन्हें सस्ते दामों में बेच देता था।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 18 मार्च 2026 को परिवादी राजेन्द्र कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह होटल में सफाई का काम करता है और रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल होटल की पार्किंग में खड़ी कर गया था, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इस पर श्याम नगर थाने में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त सुनील शर्मा के निर्देशन में थाना अधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सूचना एवं तकनीकी आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश जाटव (26) निवासी पांडोला, जिला श्योपुर (मध्यप्रदेश) हाल निवासी 200 फीट बाईपास, अजमेर रोड, जयपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।




















