सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

0
37
Historysheeters arrested for stealing gold and silver jewelery and cash
Historysheeters arrested for stealing gold and silver jewelery and cash

जयपुर। करणी विहार थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम जयपु पश्चिम (डीएसटी) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के दौरान जल्दबाजी में अपना मोबाइल फोन और डेबिट कार्ड मौके पर ही छोड़कर भाग गए थे। जिसके आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान कर उन्हें दबोचा है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) हनुमान प्रसाद ने बताया कि करणी विहार थाना पुलिस और डीएसटी पश्चिम ने कार्रवाई करते हुए सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहने और नगदी चोरी करने वाले शुभम सैनी (27) और नरेन्द्र सैनी उर्फ नंदू (29) को गिरफ्तार किया है। दोनो ही आरोपित मुरलीपुरा इलाके के रहने वाले है। पुलिस ने आरोपियों से 6 चांदी के सिक्के, एक पीतल की चरण पादुका और पीतल की शिव-पार्वती की जोड़ी बरामद की है।

पूछताछ में आरोपियों ने हरमाड़ा थाना क्षेत्र में भी चोरी-नकबजनी की वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मुरलीपुरा थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं और पहले भी चोरी व नकबजनी की करीब चार दर्जन वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। आरोपी नशे के आदी हैं और मोटरसाइकिल से कॉलोनियों में घूम कर सूने मकानों की रैकी कर मौका मिलते ही ताला तोड़कर चोरी करते थे।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी और अन्य साथियों की तलाश को लेकर पूछताछ कर रही है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। थानाधिकारी हवा सिंह ने बताया कि वैशाली नगर सिटी, पांच्यावाला सिरसी रोड निवासी हेमलता श्रीवास्तव ने करणी विहार थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि 1 मार्च की रात वह अपने बच्चों के साथ दिल्ली चली गई थीं।

इसी दौरान 2 मार्च को देर रात अज्ञात चोरों ने उनके मकान के ताले तोड़कर सोने-चांदी के गहने और नगदी चोरी कर ली। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मोबाइल एप पर देखने पर उन्हें चोरी का पता चला। उन्होंने तुरंत कॉलोनी वासियों को सूचना दी, जिससे चोरों में भगदड़ मच गई और भागते समय आरोपी अपना मोबाइल फोन और उसके कवर में रखा एचडीएफसी बैंक का डेबिट कार्ड मौके पर ही छोड़ गए।

मामले की जांच के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को चिन्हित करते हुए पकडा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here