181 पर सख्ती का असर: शिकायत सुनते ही डॉ. निधि पटेल का बड़ा एक्शन

0
36

जयपुर। आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील प्रशासन का एक सशक्त उदाहरण पेश करते हुए राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ निधि पटेल ने सम्पर्क पोर्टल 181 पर प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से सुनवाई की और मौके पर ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की।

सुनवाई के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी एक गंभीर शिकायत सामने आई, जिसमें आरोप था कि दो निजी अस्पताल मरीज के उपचार में कैश मोड पर इलाज कर रहे हैं और लाखों रुपये मरीज़ के परिवार से लिए।

इस पर डॉ. निधि पटेल ने बिना देरी किए सख्त रुख अपनाया और ऑन-कॉल ही दोनों अस्पतालों को नोटिस जारी करने के निर्देश दे दिए। चित्तौड़गढ़ और जयपुर के दो मरीज़ कई महीनों से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में समस्या झेल रहे थे । तुरंत आईटी टीम को कार्ड धारकों से संपर्क करा के समाधान कराया गया ।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के तहत प्रत्येक पात्र नागरिक को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सुनवाई के दौरान माँ योजना से जुड़ी शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. निधि पटेल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और लंबित मामलों को शीघ्रता से पूरा किया जाए।जरूरत पड़ने पे शिकायतकर्ता से सीधे संवाद किया जाए ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here