जयपुर। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के तत्वावधान में सी-स्कीम स्थित धुलेश्वर गार्डन के हनुमान मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय श्री हनुमान कथा का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कथा वाचन के दौरान साध्वी लोकेशा भारती ने भगवान श्री हनुमान के जीवन प्रसंगों को भावपूर्ण और सरल शैली में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि हनुमान केवल शक्ति के प्रतीक ही नहीं, बल्कि सच्ची भक्ति, समर्पण और सेवा भाव के आदर्श भी हैं। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर आयोजित भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक प्रवचनों ने माहौल को और अधिक श्रद्धामय बना दिया। श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।
आयोजक राजेंद्र धाधीच ने बताया कि यह कथा 2 अप्रैल से 4 अप्रैल 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से आगामी दिनों में भी उपस्थित होकर कथा का लाभ लेने की अपील की।




















