कान्हा ग्रुप पर आयकर रेड मामला: करोड़ों का सोना-नकदी बरामद

0
45

जयपुर। राजस्थान की चर्चित फूड चेन कान्हा रेस्टोरेंट पर आयकर विभाग की छापेमारी शनिवार को चौथे दिन भी जारी रही। अब तक की कार्रवाई में करोड़ों रुपए के आभूषण, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। विभाग ने जांच के दौरान करीब 7.5 करोड़ रुपए कीमत का सोना और 25 लाख रुपए नकद जब्त किया है, जबकि कई बैंक लॉकर और अन्य संपत्तियों के दस्तावेज भी जांच के दायरे में आए हैं।

आयकर विभाग की टीम ने बुधवार सुबह से जयपुर सहित राजस्थान और मुंबई में कुल 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की थी। चार दिन चली कार्रवाई में अब तक 26 ठिकानों पर तलाशी पूरी कर ली गई है, जबकि जयपुर के सात ठिकानों पर शनिवार को भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा।

छापेमारी के दौरान शुक्रवार को जयपुर स्थित एक ठिकाने पर टीम को दीवार के पीछे बना एक खुफिया कमरा मिला। दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने पर वहां 10 छोटी अलमारियां मिलीं। अलमारियों की तलाशी लेने पर करीब 5 करोड़ रुपए कीमत की ज्वेलरी और 25 लाख रुपए नकद बरामद हुआ। इसके अलावा डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेज भी मिले हैं, जिनमें करोड़ों रुपए के लेन-देन और संभावित टैक्स चोरी से जुड़े सुराग मिले हैं।

सूत्रों के अनुसार अब तक की कार्रवाई में करीब 11 करोड़ रुपए कीमत का सोना, लगभग 1.25 करोड़ रुपए नकद और 10 से अधिक बैंक लॉकर सामने आए हैं। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आयकर विभाग ने 7.5 करोड़ रुपए कीमत का सोना और 25 लाख रुपए नकदी जब्त कर ली है। बैंक लॉकरों को खोलने और संपत्तियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है।

अधिकारियों का मानना है कि आगे की जांच में करोड़ों रुपए की चल-अचल संपत्ति से जुड़े और खुलासे हो सकते हैं। छापेमारी के दौरान जयपुर के आमेर स्थित होटल ताज और कुंदन वन मैरिज गार्डन में भी आयकर विभाग की टीम जांच कर रही है। कुंदन वन में पिछले तीन वर्षों में आयोजित हुई आलीशान शादियों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग की यह कार्रवाई रविवार शाम तक पूरी होने की संभावना है। फिलहाल टीम दस्तावेजों की जांच, डिजिटल डाटा की पड़ताल और बैंक लॉकरों के मूल्यांकन में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here