जयपुर। राजस्थान की प्रसिद्ध फूड चेन कान्हा रेस्टोरेंट समूह पर आयकर विभाग (इनकम टैक्स) की छापेमारी गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रही। यह कार्रवाई बुधवार सुबह करीब 7 बजे एक साथ 33 ठिकानों पर शुरू की गई थी।
आयकर सूत्रों के अनुसार अब तक की जांच में करीब 50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। साथ ही 8 बैंक लॉकर भी चिन्हित किए गए हैं। जिन्हें खुलवाकर उनमें रखी संपत्ति और दस्तावेजों का मूल्यांकन कराया जाएगा।
वहीं सबसे अधिक 26 ठिकानों पर जयपुर में टीमें जांच में जुटी हैं।
इसके अलावा उदयपुर, श्रीगंगानगर, करौली, कोटा, हिंडौन और मुंबई स्थित कार्यालयों व अन्य परिसरों में भी सर्च अभियान जारी है। जयपुर के आमेर स्थित होटल ताज और कूकस के कुंदन वन होटल पर भी आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है। बताया जा रहा है कि ये दोनों आलीशान होटल भी कान्हा समूह की संपत्ति हैं।
आयकर विभाग की टीमें बैंक खातों, डिजिटल रिकॉर्ड, नकदी लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रही हैं। कई महत्वपूर्ण फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक डाटा जब्त किए गए हैं। विभाग को बड़े स्तर पर आयकर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



















