जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की झुंझुनूं टीम ने मंगलवार को कार्यवाही करते हुए जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के स्टेनोग्राफर नीरज कुमार को ढाई हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी यह राशि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) के तहत ऋण स्वीकृत करने की एवज में मांग रहा था।
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने जिला उद्योग विभाग में ‘प्रधानमंत्री एम्प्लॉयमेंट जनरेशन प्रोग्राम’ (पीएमईजीपी) योजना के तहत 5 लाख रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया था। इस ऋण को अप्रूव करने के बदले विभाग का स्टेनोग्राफर नीरज कुमार उसे ढाई हजार रुपये की रिश्वत के लिए परेशान कर रहा था।
एसीबी जयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के निर्देश पर शिकायत का गोपनीय सत्यापन करवाया गया। 16 मार्च को हुए सत्यापन में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (झुंझुनूं) नरेन्द्र कुमार पूनिया के सुपरविजन में एक टीम का गठन किया गया।
जहां मंगलवार को पुलिस निरीक्षक सुरेश चन्द के नेतृत्व में एसीबी टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी नीरज कुमार ने परिवादी से ढाई हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे दबोच लिया। एसीबी की टीम अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके ठिकानों की जांच जारी है।




















