जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी को अशोभनीय और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष एक संवैधानिक पद है, उन्हें देश के लिए खतरा बताना लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है। पायलट ने कहा कि विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना है, लेकिन सत्ता पक्ष उन्हें संसद में बोलने से रोकता है और माइक तक बंद कर देता है। उन्होंने रिजिजू से बयान वापस लेकर सार्वजनिक माफी की मांग की।
पायलट ने केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के साथ किए गए व्यापार समझौते को किसान विरोधी और देश की संप्रभुता के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी-फ्री मक्का, ज्वार और सोयाबीन के आयात से राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक के करोड़ों किसानों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। अमेरिकी कपास आयात की अनुमति और बांग्लादेश से जुड़े घटनाक्रम से कपास उत्पादकों को नुकसान होगा, वहीं हिमाचल, कश्मीर और पूर्वोत्तर के फल व मेवा उत्पादकों के सामने भी संकट खड़ा होगा।




















