
जयपुर। राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी (आईपीएस) देवेन्द्र कुमार बिश्नोई ने बुधवार को राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र जोधपुर के उप महानिरीक्षक के रूप में विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया है।
बिश्नोई इससे पूर्व कोटपूतली-बहरोड़ के जिला पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके उत्कृष्ट कार्य अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए उन्हें इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण संस्थान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपने सेवाकाल के दौरान वे जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी मुख्यालय, अजमेर, झुंझुनूं और गंगापुर सिटी जैसे महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात रहकर अपनी कार्यकुशलता साबित कर चुके हैं।
पदभार ग्रहण करने के पश्चात बिश्नोई ने प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और संस्थान की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण को और अधिक आधुनिक और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी ताकि फील्ड में जाने वाले पुलिसकर्मी हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहें। इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया।


















