अवॉर्ड नहीं, जिम्मेदारी है: ऐश्वर्य ठाकरे

0
36
It's not an award, it's a responsibility: Aishwarya Thackeray
It's not an award, it's a responsibility: Aishwarya Thackeray

मुंबई: फिल्मी दुनिया में किसी भी कलाकार के लिए पहला अवॉर्ड सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि उसके संघर्ष और सपनों की पहली बड़ी मंज़िल होता है। युवा अभिनेता ऐश्वर्य ठाकरे के लिए भी यह पल कुछ ऐसा ही रहा, जब उन्होंने न्यूज़18 शोशा रील अवॉर्ड्स 2026 में बेस्ट डेब्यू मेल (जूरी चॉइस) का अवॉर्ड जीतकर अपने करियर की दमदार शुरुआत दर्ज की।

उन्हें यह सम्मान निर्देशक अनुराग कश्यप की फिल्म ‘निशानची’ में उनके प्रभावशाली अभिनय के लिए मिला। ऐश्वर्य ठाकरे ने जूरी सदस्यों का धन्यवाद किया, जिनमें प्रियदर्शन, अश्विनी अय्यर तिवारी, तन्वी आज़मी, सौरभ सचदेवा, श्रुति महाजन, महिमा चौधरी और तविशी पैटेंडी शामिल थे।

अवॉर्ड मिलने के बाद ऐश्वर्य ने अपनी खुशी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए ट्रॉफी के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं और लिखा, “The very first. Thank you CNN News18. Thank you to my family on Nishaanchi.” इस पोस्ट पर फिल्मी जगत से भी उन्हें खूब बधाइयाँ मिलीं।

अवॉर्ड स्वीकार करते समय ऐश्वर्य ने कहा, “मेरे लिए अवॉर्ड सिर्फ सम्मान नहीं है, बल्कि यह एक जिम्मेदारी है कि मैं और बेहतर काम करूं और बेहतर कहानियां दर्शकों तक पहुंचाऊं।” उन्होंने अपने निर्देशक अनुराग कश्यप का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके साथ फिल्मी सफर की शुरुआत करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। ऐश्वर्य ने अपने सह-कलाकारों वेदिका पिंटो, मोनिका पंवार, जीशान अय्यूब, कुमुद मिश्रा और विनीत कुमार सिंह का भी आभार व्यक्त किया।

अपनी स्पीच के अंत में उन्होंने खुद की लिखी एक शायरी भी सुनाई—“रास्ते मैं अपने बनाऊँगा, गलतियां मेरी अब न बढ़ाऊँगा, कामयाबी पाने के बाद भी दुनिया सबको सुनाऊँगा।”

‘निशानची’ में अपने दमदार अभिनय और इस प्रतिष्ठित सम्मान के साथ ऐश्वर्य ठाकरे ने यह साफ कर दिया है कि वे सिर्फ एक नए अभिनेता नहीं, बल्कि आने वाले समय के मजबूत और संवेदनशील कलाकार के रूप में अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
(अनिल बेदाग)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here