न्यूयॉर्क फैशन वीक में जयपुर गोट्टा की रही चमक

0
46
Jaipur Gota Shines at New York Fashion Week
Jaipur Gota Shines at New York Fashion Week

जयपुर। राजस्थान की प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर कीर्ति राठौड़ ने न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में आयोजित न्यूयॉर्क फैशन वीक फॉल—विंटर 2026 में अपनी नवीनतम कलेक्शन जयपुर गोट्टा का भव्य प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर राजस्थान की पारंपरिक कला को नई पहचान दिलाई। वह राजस्थान की एकमात्र डिजाइनर हैं जिन्हें हर वर्ष इस प्रतिष्ठित फैशन वीक में भारतीय फैशन प्रदर्शित करने के लिए आमंत्रित किया जाता है।

कीर्ति राठौड़ की कलेक्शन में ऑर्गेनिक हैंड-डाइड चमकीले रंगों की साड़ियां शामिल रहीं, जिन पर जयपुर की पारंपरिक बंधेज कला के साथ गोटा-पट्टी और चरखी गोटा की बारीक कढ़ाई की गई थी। यह कारीगरी जयपुर के नायला गांव के कुशल कारीगरों द्वारा तैयार की गई। आधुनिकता का स्पर्श देने के लिए इन साड़ियों को कॉर्सेट ब्लाउज के साथ पेश किया गया। जिससे पारंपरिक और समकालीन फैशन का सुंदर संगम देखने को मिला।

साड़ियों को धोती ड्रेप सहित कई नए अंदाज में स्टाइल कर क्लासिक फैशन को नया रूप दिया गया। कीर्ति की इस कलेक्शन ने अमेरिकी दर्शकों के बीच राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। जिसे खूब सराहा गया और प्रस्तुति को स्टैंडिंग ओवेशन मिला।

हाई टेक मोडा द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय न्यूयॉर्क फैशन वीक दुनिया भर के डिजाइनर्स और ब्रांड्स के लिए एक बड़ा मंच रहा। “माय ड्रीम गर्ल” (कमलेश चुघ) संस्था ने भारतीय मूल की अमेरिकी मॉडलों को कीर्ति की कलेक्शन प्रस्तुत करने का अवसर दिया। शो की कोरियोग्राफी अभिनेता और मिस्टर इंडिया आर्यन वैद ने की। जबकि नन्ही मॉडल बियांका ने शो-स्टॉपर के रूप में आकर्षण का केंद्र बनीं।

कीर्ति राठौड़ की रॉयल कलेक्शन को अमेरिका की कई प्रमुख हस्तियों और अमेरिकी एंबेसी के सदस्यों ने भी सराहा। कीर्ति का उद्देश्य विभिन्न देशों में फैशन टूरिज्म को बढ़ावा देना और भारतीय टेक्सटाइल व हस्तशिल्प को वैश्विक पहचान दिलाना है। वह विशेष रूप से राजस्थान की महिला कारीगरों और छोटे व्यवसायों को मंच देकर उनके कार्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा रही हैं।

कीर्ति राठौड़ ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 2012 में एक साधारण सिलाई मशीन से की थी। बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के उन्होंने अपने नए विचारों और मेहनत के दम पर फैशन जगत में पहचान बनाई। शुरुआत में पुरुष परिधान डिजाइन करने के बाद उन्होंने बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और अभिनेत्री श्रीदेवी के लिए परिधान तैयार किए और बाद में महिला फैशन में भी कदम रखा।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान प्राप्त कर चुकी कीर्ति राठौड़ आज वैश्विक मंच पर भारत का नाम रोशन कर रही हैं और अपने डिजाइनों के माध्यम से “नो वॉर – लिव एंड लेट लिव” का संदेश दे रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here