शहर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण निकले नगर निगम जयपुर आयुक्त डॉ. गौरव सैनी

0
46
Jaipur Municipal Corporation Commissioner Dr. Gaurav Saini went out to inspect the city's arrangements.
Jaipur Municipal Corporation Commissioner Dr. Gaurav Saini went out to inspect the city's arrangements.

जयपुर। शहर में सफाई, कचरा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर निगम जयपुर के आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने बुधवार को विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

आयुक्त ने सबसे पहले दिल्ली रोड स्थित लाल डूंगरी में निर्माणाधीन कचरा ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचरा संग्रहण, ट्रांसफर प्रक्रिया और स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कचरा निस्तारण की प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारू रखा जाए तथा परिसर में स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आसपास के क्षेत्रों में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके बाद आयुक्त ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र पुरोहित जी का कटला में स्थापित फायर फाइटिंग सिस्टम का निरीक्षण किया। उन्होंने फायर सेफ्टी उपकरणों और व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक तकनीकी सुधार करने और सिस्टम को पूरी तरह क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घनी आबादी और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में फायर सेफ्टी की मजबूत व्यवस्था होना बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने किशनपोल बाजार स्थित आर्ट ऑफ स्कूल का भी दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख स्थानों पर व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त प्रवीण कुमार, नगर निगम के संबंधित इंजीनियर तथा स्मार्ट सिटी के अधिकारी भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here