स्नैचिंग पर जयपुर पुलिस का शिकंजा: दो दिन के अभियान में 71 आरोपी गिरफ्तार

0
39
Jaipur police crack down on snatching: 71 accused arrested in two-day operation
Jaipur police crack down on snatching: 71 accused arrested in two-day operation

जयपुर। शहर में चैन, मोबाइल और पर्स स्नेचिंग की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश देकर स्नैचिंग के 71 चालान शुदा अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार यह विशेष अभियान 7 और 8 मार्च 2026 को चलाया गया। इसके तहत जयपुर आयुक्तालय के उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम जिलों में स्नैचिंग के आरोपियों की धरपकड़ के लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई।

अभियान में करीब 439 पुलिस अधिकारियों और जवानों की 127 टीमों ने शहर के 600 से अधिक स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान चैन, पर्स और मोबाइल स्नैचिंग के 71 चालान शुदा अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि स्थानीय विशेष अधिनियम के तहत 8 अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया।

पुलिस ने इस दौरान 7 स्थाई वारंटी, 5 पेंडिंग मामलों में वांछित आरोपी और 50 स्नैचिंग के आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान अन्य मामलों में भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के 7 मामले दर्ज कर 8 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 43.55 ग्राम स्मैक, 11 किलो 300 ग्राम गांजा, 197.42 ग्राम एमडी ड्रग्स और 2 लाख 79 हजार 850 रुपये की बिक्री राशि बरामद की गई।

इसके अलावा आर्म्स एक्ट के एक मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से धारदार कटार भी जब्त की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। शहर में स्नैचिंग की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह के विशेष अभियान जारी रखे जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here