जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जोन–10 और जोन–12 में कुल 21 बीघा कृषि भूमि पर विकसित की जा रही तीन नवीन अवैध कॉलोनियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
उप महानिरीक्षक पुलिस राहुल कोटोकी के निर्देशन में प्रवर्तन टीम ने जेसीबी मशीनों और मजदूरों की मदद से इन कॉलोनियों को शुरुआती चरण में ही नेस्तनाबूद कर अवैध कॉलोनी बसाने के प्रयासों को विफल कर दिया।
जोन-10 में 15 बीघा भूमि पर ‘विष्णुधाम’ कॉलोनी ध्वस्त
जोन–10 के आगरा रोड, विजयपुरा क्षेत्र में इकोलॉजिकल जोन के अंतर्गत लगभग 15 बीघा खातेदारी भूमि पर बिना स्वीकृति व भू-रूपांतरण के ‘विष्णुधाम’ नाम से अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। भूमि को समतल कर मिट्टी-ग्रेवल सड़कें, प्लॉटों की बाउंड्री वॉल और अन्य निर्माण किए जा रहे थे। सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया गया।
जोन-12 में दो कॉलोनियाँ तोड़ी, कुल 6 बीघा भूमि मुक्त
जोन–12 में कालवाड़ रोड स्थित ग्राम मांचवा (3 बीघा)और ग्राम पाचार (3 बीघा)में भी जमीन को समतल कर सड़कें, सीमेंट ब्लॉक, पट्टियों की बाउंड्री वॉल और अन्य अवैध निर्माण किए जा रहे थे। दोनों स्थानों पर प्रवर्तन टीम ने जेसीबी से कार्रवाई कर अवैध कॉलोनियों को पूरी तरह तोड़ दिया।
2025 में 364 अवैध कॉलोनियों की गई ध्वस्त
जेडीए के प्रवर्तन प्रकोष्ठ ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक 364 नवीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर बसाई जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग पर रोक लगाई गई है।
कार्रवाई में उप नियंत्रक प्रवर्तन–प्रथम एवं चतुर्थ, प्रवर्तन अधिकारी (जोन-10 व 12), लेबर गार्ड, तकनीकी एवं राजस्व स्टाफ सहित बड़ी टीम शामिल रही।




















