रिश्वत आरोपी संयुक्त निदेशक के लॉकर में मिले 1.46 करोड़ के जेवर

0
44

जयपुर। रिश्वत प्रकरण में गिरफ्तार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग अजमेर के संयुक्त निदेशक जयप्रकाश चारण के परिजनों के संयुक्त बैंक लॉकर की तलाशी में करीब 1.46 करोड़ रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण मिले हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की अजमेर इकाई ने शुक्रवार को जारी अनुसंधान एवं सर्च कार्रवाई के दौरान अजमेर स्थित बैंक के संयुक्त लॉकर की नियमानुसार तलाशी ली।

एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजवीर सिंह के अनुसार लॉकर से करीब 945 ग्राम सोने और 1.027 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए। इनकी अनुमानित कीमत 1,46,43,000 रुपए आंकी गई है। आभूषणों के संबंध में आवश्यक दस्तावेज और अभिलेख जुटाए जा रहे हैं।

इसके अलावा एसीबी ने जयप्रकाश चारण और उनके परिजनों से संबंधित दो बैंकों में संचालित कुल नौ बैंक खातों की भी जांच की। इन खातों में कुल 64,26,780 रुपए शेष मिले। एसीबी अब लॉकर में मिले आभूषणों और बैंक खातों में उपलब्ध राशि के स्रोत, स्वामित्व तथा आय के ज्ञात स्रोतों से संबंध की जांच कर रही है।

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसआईडब्ल्यू, जयपुर इकाई ने 4 सितंबर को जयप्रकाश चारण के खिलाफ ट्रैप कार्रवाई की थी। इसके बाद अजमेर एसीबी इकाई की ओर से अनुसंधान और तलाशी की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में परिवार के संयुक्त लॉकर और बैंक खातों की जांच की गई।

एसीबी के अनुसार सर्च के दौरान मिले आभूषणों और बैंक खातों में मिली राशि से संबंधित दस्तावेज प्राप्त किए जा रहे हैं। इनके आय के ज्ञात स्रोतों से संबंध के संबंध में नियमानुसार अनुसंधान किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here