यूपीएससी में 667वीं रैंक लाकर ज्योति मौर्य ने बढ़ाया जोबनेर का मान

0
37

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के जोबनेर कस्बे की होनहार बेटी ज्योति मौर्य ने देश की प्रतिष्ठित यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 667वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

शनिवार को जोबनेर में विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, शैक्षणिक संस्थाओं और व्यापार मंडल की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर ज्योति मौर्य और उनके माता-पिता का सम्मान किया गया।

नगरपालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा मंडल जोबनेर के पदाधिकारियों सहित सर्व समाज के लोगों ने ज्योति मौर्य का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष, पार्षद, शिक्षाविद और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

इसके अलावा अंबेडकर विचार मंच समिति और रैगर समाज की ओर से सम्मान स्वरूप रैली भी निकाली गई। रैली कस्बे के मुख्य मार्गों से गुजरी, जहां जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। व्यापार मंडल जोबनेर और नगर कांग्रेस की ओर से भी ज्योति मौर्य को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर ज्योति मौर्य ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपनी मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और शिक्षकों के सहयोग ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने की प्रेरणा दी। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता जरूर मिलती है।

उल्लेखनीय है कि ज्योति मौर्य, सुमनेश मौर्य और सुमन मौर्य की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से जोबनेर क्षेत्र में खुशी की लहर है और कस्बे के लिए यह गर्व का विषय है कि यहां की बेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here