जयपुर। जयपुर पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने शहर में महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त अभियान चलाते हुए छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है।
रानू शर्मा ने बताया कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम विभिन्न सार्वजनिक स्थानों—शैक्षणिक संस्थानों, गर्ल्स हॉस्टल, पीजी, मॉल, पार्क एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त कर रही है। वहीं इस अभियान के तहत जयपुर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ब्रह्मपुरी क्षेत्र में एक युवक द्वारा युवती को फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर परेशान करने पर कार्रवाई की गई।
वहीं हरमाड़ा क्षेत्र में महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने वाले आरोपी को पकड़ा गया। इसी प्रकार विद्याधर नगर में कॉलेज के बाहर छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी करने, आदर्श नगर में पत्नी के साथ मारपीट करने, भट्टा बस्ती में रास्ता रोककर छेड़छाड़ करने तथा सिंधी कैंप बस स्टैंड पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता के लिए निर्भया हेल्पलाइन नंबर अपने मोबाइल में सेव रखने की अपील की गई है। यह हेल्पलाइन 24 घंटे सक्रिय रहती है और कॉल, मैसेज, ऑडियो या वीडियो के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
जयपुर पुलिस का यह प्रयास शहर में महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



















