जयपुर। राजधानी में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ‘कालिका पेट्रोलिंग यूनिट’ पूरी तरह मुस्तैद है। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर योगेश दाधीच के निर्देशन में यूनिट ने सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत 12 मार्च 2026 को कुल 9 मनचलों को गिरफ्तार कर विभिन्न थानों के सुपुर्द किया गया।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि कालिका टीम ने शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों जैसे भवानी निकेतन कॉलेज, हर्ष चिल्ड्रन एकेडमी, एनए पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न कॉलोनियों और पार्कों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान पब्लिक ट्रांसपोर्ट (लो-फ्लोर व सिटी बस) में यात्रा कर रही और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद 692 महिलाओं को राजकोप सिटीजन एप और महिला सुरक्षा कानूनों के प्रति जागरूक किया गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रानू शर्मा के नेतृत्व में यूनिट की मास्टर ट्रेनर्स ने स्कूलों, कॉलेजों और पीजी हॉस्टल्स में विशेष शिविर लगाए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कुल 3,839 छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, 537 महिलाओं के मोबाइल में ‘राजकोप सिटीजन एप’ डाउनलोड करवाकर उन्हें इसके ‘नीड हेल्प’ फीचर के बारे में विस्तार से समझाया गया।




















