जयपुर। पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर के अशोकपुरा क्षेत्र में कथित गौ हत्या की घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री निवास से करीब 300 मीटर दूर हुई इस घटना में आरोपी भाजपा से जुड़ा पदाधिकारी बताया जा रहा है, लेकिन अब तक उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
खाचरियावास ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। खाचरियावास ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे कुछ लोगों को ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जबकि मुख्य आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने, आरोपी को गिरफ्तार करने और कथित तौर पर न्याय मांगने पहुंचे लोगों को रिहा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो जनता में गलत संदेश जाएगा।




















