जयपुर। वैशाली नगर थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय चेन स्नेचर्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। जिसने वैशाली नगर सहित शहर के विभिन्न इलाकों में महिलाओं को अपना निशाना बनाकर सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन
भी बरामद कर ली है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि वैशाली नगर थाना पुलिस ने शहर में सक्रिय चेन स्नेचर्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शातिर बदमाश पुष्पेन्द्र सिंह गुर्जर (27) निवासी कमालपुरा (भरतपुर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने वैशाली नगर के अलावा बजाज नगर, मालवीय नगर और शिप्रापथ इलाकों में भी वारदातों को अंजाम दिया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुबह जल्दी मोटरसाइकिल लेकर जयपुर की गलियों में निकलते थे। मंदिर जाने वाली या राह चलती महिलाओं को अकेला देख उनके गले से चेन छीनकर तेज रफ्तार में फरार हो जाते थे।
थानाधिकारी आरती सिंह ने बताया कि घटना 31 मार्च 2026 की है। वैशाली नगर निवासी परिवादिया सुबह करीब 5:30 से 6:30 बजे के बीच अपने पति के साथ क्वींस रोड स्थित ‘एनीटाइम फिटनेस’ जिम जा रही थीं।
जैसे ही वे आम्रपाली कट के पास स्टारबक्स के सामने पहुंचे, पीछे से हेलमेट पहने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से करीब डेढ़ तोला वजनी सोने की चेन तोड़ ली और झारखंड महादेव मंदिर की ओर फरार हो गए।
शोर मचाने पर लोग इकट्ठा हुए और तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई। जिस पर पुलिस ने शहर के सैकड़ों कैमरों की फुटेज खंगाल कर बदमाशों के हुलिए और रूट को ट्रैक करते हुए आरोपी तक पहुंची।
पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।



















