पदयात्रा खाटू धाम: जय श्री श्याम के जयघोष के साथ निशान लेकर निकले हजारों श्रद्धालु

0
49
Khatu Dham Padyatra: Thousands of devotees set out with flags chanting Jai Shri Shyam.
Khatu Dham Padyatra: Thousands of devotees set out with flags chanting Jai Shri Shyam.

जयपुर। जय श्री श्याम के जयघोष और भक्ति भाव के साथ जयपुर के रामगंज स्थित श्री श्याम प्राचीन मंदिर से श्री श्याम सत्संग मंडल संस्था की 60वीं पदयात्रा रविवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ खाटू श्याम मंदिर के लिए रवाना हुई। बैंडबाजा, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं के उत्साह से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।

कांवटियों का खुर्रा रामगंज स्थित मंदिर से महंत पंडित लोकेश मिश्रा के सानिध्य में पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। इससे पूर्व आचार्य गिरधर शर्मा के आचार्यत्व में निशान पूजन हुआ। भजनामृत सत्संग में भक्तों ने भजनों के माध्यम से बाबा श्याम का गुणगान किया और वातावरण को भक्तिरस से ओतप्रोत कर दिया।

संस्था के अध्यक्ष अशोक मिश्रा एवं कुंजबिहारी आभास वालों ने बताया कि संत-महंतों , सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, हवा महल विधायक बाल मुकुंदाचार्य ने बाबा श्याम की विधिवत आरती और पूजा-अर्चना कर पदयात्रा को रवाना किया। पदयात्रा में हजारों की संख्या में श्याम भक्त शामिल हुए, जो हाथों में निशान लेकर भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ आगे बढ़ते नजर आए।

पदयात्रा के दौरान परकोटा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन, जलपान एवं अन्य व्यवस्थाएं श्याम भक्तों द्वारा की गई। डीजे की धुन पर भक्त नाचते-गाते, इत्र वर्षा, पुष्प वर्षा और गुलाल उड़ाते हुए बाबा श्याम की भक्ति में लीन दिखाई दिए। रामगंज से चांदपोल तक पूरा मार्ग भक्तिमय बना रहा, जहां पदयात्री हाथों में बाबा का निशान लेकर भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़े।

यात्रा के दौरान चांदी के रथ में श्याम प्रभु को विराजमान कर चंवर डुलाते हुए श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पूजा-अर्चना और आरती की। मार्ग में भक्तों ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह को देखते हुए मार्ग में विशेष व्यवस्थाएं भी की गईं।
पदयात्रा रामगंज से रवाना होकर झोटवाड़ा रोड, चौमूं पुलिया, भवानी निकेतन एवं ढहर के बालाजी होते हुए सीकर रोड की ओर अग्रसर हुई । यहां पूरा नजारा श्याम मय था। यात्रा का रात्रि विश्राम हरमाड़ा में हुआ। पदयात्रा चौमूं, गोविंदगढ़ एवं रींगस होते हुए 26 फरवरी को खाटू धाम पहुंचेगी।

27 फरवरी को खाटू धाम स्थित जयपुर वालों की धर्मशाला में फाग महोत्सव, छप्पन भोग एवं चंग-धमाल का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भक्ति संगीत, रंग-गुलाल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालु बाबा श्याम की भक्ति में सराबोर होंगे। रविवार को अन्य स्थानों से भी पदयात्राएं रवाना हुई।

पदयात्रा के आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। पूरे मार्ग में भक्तों की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा व्यवस्थाएं की गई। श्याम भक्तों का मानना है कि बाबा श्याम की कृपा से यह पदयात्रा निरंतर सफलता के साथ संपन्न हो रही है और श्रद्धालुओं की आस्था दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here