जयपुर। मानसरोवर अग्रवाल फार्म सेक्टर 113 में स्थित श्याम पार्क में म्हारे घरा पधारों श्याम संस्था का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव गुरूवार को शुरू हुआ। रंग -बिरंगे फूलों ,बांदरवाल और रंग -बिरंगी चुन्नियों से सजे उत्सव स्थल पर श्याम बाबा का मनमोहक दरबार सजाकर आकर्षण श्रृंगार किया गया।
संस्था के अध्यक्ष रतन कट्टा ने बताया कि थड़ी मार्केट में स्थित अंबे पार्क से गाजेबाजे के साथ कलश और ध्वजा यात्रा को रवाना किया गया। जिसमें महिलाएं एक ही परिधान में सिर पर कलश रखकर मंगल गीत गाती हुई चली। अद्भुत साज सजा के साथ रथ में विराजमान श्याम प्रभु के दर्शन करने के लिए भक्तजनों में होड़ मच गई। विभिन्न मार्गो से होते हुए कलश यात्रा उत्सव स्थल पहुंची। यहां अखंड ज्योति प्रज्जवलित कर श्याम प्रभु की संगीतमय महाआरती हुई।
पुरुषोत्तम दास महाराज, महामंडलेश्वर मनोहरदास, हवामहल विधायक बाल मुकुंदाचार्य, प्रकाश दास महाराज सहित अनेक संतों-महंतों का सान्निध्य प्राप्त हुआ। पंकज महाराज ने ज्योत सेवा की। छप्पन भोग की झांकी आकर्षण का केन्द्र रही। गणेश वंदना और मंगलाचरण के बाद श्याम भजन संध्या का शुभारंभ हुआ। पुष्प वर्षा और इत्र वर्षा के बीच भजन गायक सौरभ शर्मा, राजू खंडेलवाल, गोपाल सेन, सुनील शर्मा, रानू सेन, अमित चांडक, दिनेश संगम, राज राठौड़, अजय शर्मा, हेमलता खंडेलवाल, सागर शर्मा, रितु पांडे, विकास विजय, ऋषभ मित्तल, विजय गंगवानी, आदित्य घीया ने श्याम प्रभु का गुणगान किया। श्रोता भक्ति की मस्ती में गोते लगाते रहे। कार्यक्रम में उपस्थित श्याम सेवी संस्थाओं पदाधिकारियों और अन्य विशिष्टजनों का बाबा श्याम का स्मृति चिन्ह, माला, दुपट्टा पहनाक सम्मानित किया गया।
आज सजेगी पतंगों की झांकी:
आयोजन के दूसरे दिन 12 जनवरी को पतंगों की झांकी सजाई जाएगी। बाबा को गर्म तासीर वाले व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। कोलकाता के शुभम-रूपम, कुमार गिरिराज, अमित नामा, पुरुषोत्तम बृजवासी, आदित्य छीपा, तृप्ति लढ्डा, महेश परमार, मनोज शर्मा, दिनेश गौतम, राहुल खंडेलवाल, शुभम शर्मा, सोमेश जैन, रितेश अरोड़ा भजनों के माध्यम से बाबा के समक्ष अपनी हाजिरी लगाएंगे।




















