जयपुर। जयपुर के सीकर रोड क्षेत्र में शनिवार को कोटी होमात्मक नौ दिवसीय 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धा,भक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कलश यात्रा रोड नंबर-1 स्थित सन मून क्षेत्र से प्रारंभ होकर सीकर रोड होते हुए यज्ञ स्थल भवानी निकेतन तक पहुंची।
कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं एक समान साड़ियों में सजी-धजी मंगल कलश लेकर चल रही थीं। उनके सिर पर कलश, मुख पर श्रद्धा और कदमों में भक्ति की लय स्पष्ट झलक रही थी। पूरे मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। स्वागत द्वारों से सजे मार्ग ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जहां प्रसादी ग्रहण कर लोगों ने पुण्य लाभ अर्जित किया।
यात्रा के दौरान बगिया में चल रहे साधु-संत श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए आगे बढ़ते रहे। हाथी, घोड़े, ऊंट, बैंड-बाजे, आतिशबाजी और सजे-धजे रथों के साथ निकली यात्रा ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जय श्रीराम के उद्घोष और भजनों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
वहीं यज्ञशाला में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शिखर ध्वज की स्थापना की गई। इस महायज्ञ के यज्ञकर्ता सियाराम बाबा की बगीची डहर के बालाजी के महंत वैष्णव हरि शंकर दास महाराज वेदांती हैं। यज्ञ के दौरान प्रतिदिन दोपहर में विख्यात संतों की वाणी से कथा और प्रवचन होंगे। जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान और मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
इसके साथ ही प्रतिदिन सुबह 7 बजे से योग गुरुजी द्वारा योग साधना शिविर का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार यह महायज्ञ न केवल धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि समाज में संस्कार, सेवा और समरसता का संदेश भी देता है।




















