जयपुर। चेटीचंड उत्सव के तहत शहर में दो स्थानों पर ‘लाल जा लाडा’ कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान झूलेलाल की भक्ति में लाडा और भजनों की प्रस्तुति दी।
पहला कार्यक्रम चेटीचंड सिंधी मेला समिति और पूज्य सिंधी पंचायत सेक्टर-2, जवाहर नगर के संयुक्त तत्वावधान में जवाहर नगर स्थित गीता मंदिर में आयोजित हुआ। संयोजक श्यामलाल और पुनीत गनवानी ने बताया कि कार्यक्रम में 24 टीमों ने भाग लिया और ‘मुंहिंजी बेड़ी अथई विचअ सीर ते…’, ‘मां आयुस सवाली दाता सखी धनी…’ तथा ‘बेड़ी मुहिंजी बेड़ी सभजी पार लगाए मुंहिंजा कामिल यार…’ जैसे लाडा और भजन प्रस्तुत कर भगवान झूलेलाल को रिझाया। कार्यक्रम में नरेंद्र मूलचंदानी, प्रमोद नवानी, दीपक वरंदानी, अर्जुन दास मेहरचंदानी और हरीश असरानी सहित पदाधिकारियों का स्वागत रमेश हरपलानी ने किया।
वहीं राजापार्क स्थित श्री झूलेलाल मंदिर सिंधी कॉलोनी में भी ‘लाल जा लाडा’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। मंदिर अध्यक्ष प्रेमचंद कुंदनानी ने बताया कि चेटीचंड के अवसर पर पिछले 40 वर्षों से यह आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में सुभाष निरंकारी, रेवा लाल, नारूमल माणी, दिलीप अलवानी, वासुदेव और कमलेश आसुदानी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। निर्णायक के रूप में पूजा चंदवानी और नंदिनी पंजवानी रहे, जबकि मंच संचालन हेमा मलानी ने किया।




















