जयपुर। दूदू पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामले में दो साल से फरार चल रहे अवैध शराब तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनो शराब तस्करों को बाड़मेर में दबिश देकर गिरफ्तार किया है। अवैध शराब तस्करी के मामले में पुलिस चार अन्य आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है।
जयपुर ग्रामीण एसपी राशि डोगरा ने बताया कि दूदू थाना पुलिस ने 28 फरवरी 2024 को कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से पंजाब निर्मित 7872 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की थी। जब्त शराब की कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई थी। इस मामले में दूदू थाने में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान ट्रक ड्राइवर, खलासी और अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी आशीफ अयुब, भंवराराम उर्फ पिंटू, मांगीलाल और प्रकाश ज्याणी को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि ट्रक ड्राइवर सत्यप्रकाश उर्फ सतीश और खलासी मनोहर लाल घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बैरवा और वृत्ताधिकारी दीपक खंडेलवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। विशेष टीम ने तकनीकी सहायत व मुखबिर की सूचना पर सत्यप्रकाश उर्फ सतीश (33) पुत्र भागीरथ, निवासी गोडा थाना सेडवा जिला बाड़मेर, और मनोहर लाल (28) पुत्र बाबूलाल, निवासी खारा डेर थाना सेडवा जिला बाड़मेर निवासी को दबोच लिया।




















