जयपुर। पालने में झूलते रामलला…. शिवजी की हथेली पर नृत्य करते गणेशजी….आदिदेव महादेव की आरती उतारे वीर बजरंब बली….यह दृश्य था रामनवमी पर गुरुवार को सूरजपोल से निकली शोभायात्रा का। अपने जन्मोत्सव पर प्रभु श्रीराम तीन दर्जन झांकियों के साथ भक्तों को दर्शन देने निकले। श्री रामकृष्ण जयंती महोत्सव समिति ट्रस्ट के तत्वावधान में शोभायात्रा सूरजपोल अनाज मंडी से गाजे-बाजे एवं सुसज्जित लवाजमे के साथ रवाना हुई।
श्री रामकृष्ण जयंती महोत्सव समिति ट्रस्ट के महामंत्री प्रवीण बड़े भैया ने बताया कि ब्रह्म पीठाधीश्वर खोजीजीद्वाराचार्य रामरिछपाल दास महाराज (त्रिवेणी धाम), श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में आरती-पूजन के साथ शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया।
शोभायात्रा में 35 आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिनमें रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का सजीव मंचन दिखा। श्रीराम, भरत, लक्ष्मण एवं शत्रुघ्न के स्वरूप सरकार विशेष रथ में विराजमान थे। इसके अतिरिक्त जे.के. लोन गणेश जी का रथ, हरिसिंह जी भौमियां जी, वीर हनुमान जी, जीण माता, वैष्णो देवी, नीली हवेली वाले हनुमानजी, मुरली मनोहरजी मंदिर एवं चिंताहरण हनुमान जी सहित विभिन्न धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही थीं। रास मंडल एवं रंगमहल की विद्युत चलित झांकियों की कलात्मकता ने सबका मन मोह लिया।
गौरांग महाप्रभु संकीर्तन मंडल के लोग भजन-कीर्तन एवं हरिनाम संकीर्तन से पूरे मार्ग में भक्ति का वातावरण बनाते चल रहे थे। साथ ही ढूंढ़ाड़ी भाषा में लोकगीत एवं पारंपरिक लोकनृत्य ने राजस्थानी संस्कृति की छटा बिखेरी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर बनाए गए स्वागत मंचों पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भगवान श्रीराम की आरती उतारी।
भगवा रंग में रंगा शोभायात्रा मार्ग:
शोभायात्रा सूरजपोल बाजार, रामगंज चौपड़, रामगंज बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, बापू बाजार, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार एवं छोटी चौपड़ होते हुए चांदपोल बाजार स्थित श्री राम चंद्र जी मंदिर पहुंची। मार्गों से श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा मार्ग को भगवा झंडों से सजाया गया।




















