जयपुर। निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंती शनिवार को छोटी काशी में श्रद्धा पूर्वक मनाई गई। कारखानों, फैक्ट्रियों, वर्कशॉप में भगवान विश्वकर्मा और मशीनरी का पूजन किया गया।
विश्वकर्मा रोड नंबर पर स्थित विश्वकर्मा मंदिर में भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया। इससे पूर्व मंदिर के पुजारी ने अभिषेक किया। मालवीय नगर की ओर से जगतपुरा रोड डाक कॉलोनी स्थित विश्वकर्मा मंदिर में भगवान विश्वकर्मा की झांकी सजाई गई। ब्रह्मपुरी कागदीवाडा स्थित श्री वैष्णोदेवी मंदिर में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की गई।
अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा की प्रदेश इकाई की ओर से विद्याधर नगर स्थित समाज भवन से वाहन रैली और शोभायात्रा निकाली गई। समाज की विभिन्न समितियों के सहयोग से तैयारी की गई झांकियां आकर्षण का केन्द्र रही। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई वीकेआई औद्योगिक क्षेत्र, रोड नंबर-2 स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर पहुंची, जहां विशेष पूजा-अर्चना की गई।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। प्रदेशभर के विभिन्न विश्वकर्मा मंदिरों में रात्रि सत्संग का आयोजन किया गया। जिसमें भजन-कीर्तन, प्रवचन एवं आरती के माध्यम से भगवान विश्वकर्मा की महिमा का गुणगान किया गया।




















