जयपुर/जोधपुर। भारतीय डाक विभाग की विशेष सेवा ‘मैगजीन पोस्ट’ का शुभारंभ जोधपुर प्रधान डाकघर में किया गया। इससे पत्रिकाओं को देशभर में समय पर और किफायती तरीके से भेजना संभव होगा।
निदेशक डाक सेवाएं,राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र जोधपुर कर्नल सतीश सोलंकी ने बताया कि इस सेवा के तहत पत्रिकाओं की बुकिंग और वितरण के लिए ट्रैक एंड ट्रेस सुविधा, प्रेषक व प्राप्तकर्ता को एसएमएस अलर्ट और स्कैनिंग सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि ‘मैगजीन पोस्ट’ सेवा के तहत वही प्रकाशक पंजीकृत होंगे । जो प्रेस और पत्रिका पंजीकरण अधिनियम-2023 के तहत प्रेस रजिस्ट्रार जनरल के पास पंजीकृत हों। साथ ही उनके पास कम से कम 500 ग्राहकों की सूची हो और एक बार में कम से कम 500 प्रतियां डाक से भेजी जाएं।
सेवा के तहत प्रकाशकों को अलग-अलग बारकोड श्रृंखला दी जाएगी। जिसे पत्रिकाओं के लिफाफों पर मुद्रित करना अनिवार्य होगा। पत्रिकाओं की पूरी ट्रैकिंग सुविधा उपलब्ध रहेगी तथा बुकिंग और वितरण की जानकारी एसएमएस के जरिए प्रेषक और प्राप्तकर्ता दोनों को मिलेगी।
कर्नल सोलंकी ने बताया कि इस सेवा में बीएनपीएल और अग्रिम भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए ग्राहक जोधपुर प्रधान डाकघर के प्रवर डाकपाल से संपर्क कर सकते हैं।




















