होली से पहले बड़ी कार्रवाई: 27 पेटी अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

0
37
sharab
sharab

जयपुर। होली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जवाहर नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 पेटी देशी व अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त सेंट्रो कार को भी जब्त किया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व संजीव नैन ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल व सहायक पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सुथार के निर्देशन में थाना प्रभारी महेश चंद्र गुर्जर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेंट्रो कार में अवैध शराब ले जाई जा रही है।

सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में शराब भरी मिली। तलाशी के दौरान कार से 15 पेटी देशी घुमर शराब, 4 पेटी किंगफिशर व्हाइट लेस वोडका, 6 पेटी वाली लाइम नींबूडा स्ट्रॉन्ग देशी शराब तथा 2 पेटी किंगफिशर स्ट्रांग बियर बरामद की गई। कुल 27 पेटी अवैध शराब को नियमानुसार जब्त किया गया।

वाहन में सवार आरोपियों की पहचान सुरेश खींची (44) निवासी चार दरवाजा बाहर मंडी खटीकान रामगंज जयपुर तथा नीतेश खींची (26) निवासी चार दरवाजा बाहर मंडी खटीकान रामगंज जयपुर के रूप में हुई। दोनों के पास शराब रखने व परिवहन का कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी सुरेश खींची के खिलाफ पूर्व में भी चोरी व आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज रहे हैं। वहीं नीतेश खींची के खिलाफ भी पूर्व में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
कार्रवाई में थानाधिकारी महेश चंद्र गुर्जर, उपनिरीक्षक विजय सिंह सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि होली के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here