राहगीरों से मारपीट कर मोबाइल छीनने वाली गैंग का मुख्य सरगना गिरफ्तार

0
47

जयपुर। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में जल महल के पास राहगीरों को डरा-धमकाकर और मारपीट कर मोबाइल लूटने वाली गैंग के खिलाफ पुलिस ने गैंग के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में जलमहल के पास राहगीरों को डरा-धमकाकर और मारपीट कर मोबाइल लूटने वाली गैंग के परवेज खान(24) निवासी रामगंज को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और छीना हुआ मोबाइल बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने शहर में अन्य वारदातों में शामिल होने की बात भी कबूली है। मामले में एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

थानाधिकारी हेमंत जनागल ने बताया कि 27 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश निवासी परिवादी दिलदार अली ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि वह जलमहल से रामगढ़ मोड़ की ओर जा रहा था, तब अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज पाठक और सहायक पुलिस आयुक्त (आमेर) सुरेंद्र सिंह राणावत के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने पारंपरिक पुलिसिंग और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जाल बिछाया और गैंग के मुख्य आरोपी परवेज खान गिरफ्तार किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here