मौनी अमावस्या रविवार को : गोविंद देवजी मंदिर में होगा पितृ शांति अभिसिंचन

0
48

जयपुर। मौनी अमावस्या पर रविवार को गोविंद देवजी मंदिर में महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक निशुल्क पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर दिवंगत पितृगणों के निमित्त यम गायत्री महामंत्री के साथ विशेष आहुतियां प्रदान की जाएंगी। प्रयागराज के त्रिवेणी जल से श्रद्धालुओं पर अभीसिंचन किया जाएगा।

यज्ञ के निर्धारित समय 9 बजे तक यज्ञशाला में प्रवेश करने वालों को प्रयागराज का त्रिवेणी जल पात्र निशुल्क भेंट किया जाएगा। यज्ञ का संचालन गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी की टोली संपन्न करांएगी। यज्ञ के साथ जन्म दिन और विवाह दिवस संस्कार भी निशुल्क कराए जाएंगे। गायत्री चेतना केन्द्र जनता कॉलोनी की ओर से बुक फेयर लगाया जाएगा। हर वर्ग के लिए उपयोगी पुस्तकें लागत कीमत पर उपलब्ध कराई जाएगी।

ज्योतिषाचार्य बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि 18 जनवरी का दिन ज्योतिषीय दृष्टि से चमत्कारी है। धनु राशि में चंद्रमा और मकर राशि में चार ग्रहों का मिलन एक दुर्लभ महा संयोग बना रहा है। माघ मास की तपस्या और मौन साधना का महापर्व मौनी अमावस्या इस बार अपने साथ बेहद खास और दुर्लभ संयोग लेकर आ रहा है।

यह अमावस्या महज एक तिथि नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा का वह द्वार है जहां मौन रहकर आप स्वयं को ईश्वरीय शक्ति से जोड़ सकते हैं। मौनी अमावस्या पर वाणी पर विराम लगाकर मन ही मन ईश्वर का स्मरण करने से व्यक्ति को मुनि पद के समान पुण्य मिलता है। मौन रहकर की गई पूजा मानसिक शांति और संकल्प शक्ति को कई गुना बढ़ा देती है।

यह दिन पूर्वजों को प्रसन्न करने के लिए सर्वश्रेष्ठ है। पितृ दोष की शांति के लिए सूर्य देव को अघ्र्य दें और अपने पितरों का ध्यान करें। पीपल के वृक्ष की जड़ों में जल दें। मौनी अमवास्या पर बरकत नगर स्थित वेणु ज्ञानम योग साधना केन्द्र में आनंद कोठारी के नेतृत्व में18 जनवरी को सुबह सवा 10 से सवा 11 बजे तक सामूहिक महामृत्युंजय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। अजय गुप्ता ने बताया कि अग्निहोत्र प्रचारक कैलाश गंगवाल, राकेश गर्ग सहित अन्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here